देहरादून। आई.टी.बी.पी. रोड, सीमाद्वार स्थित निवाला प्यार का कैफ़े की द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर आज एक सादगीपूर्ण एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सविता कपूर तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में गीता खन्ना उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्थानीय नागरिकों और समर्थकों ने भाग लेकर कैफ़े की संचालिका अदिति शर्मा के प्रयासों की सराहना की।
दरअसल, अदिति शर्मा एक ट्रांसजेंडर हैं जिन्होंने लगभग तीन वर्ष पहले यह सपना देखा था कि वे समाज में आत्मनिर्भर बनकर अपना व्यवसाय शुरू करें और पारंपरिक रूप से ट्रांसजेंडर समुदाय से जुड़े ताली बजाकर आजीविका चलाने के कार्य से अलग अपनी पहचान बनाएं। इसी संकल्प के साथ उन्होंने दो वर्ष पहले “निवाला प्यार का” नाम से यह कैफ़े शुरू किया, जो आज आत्मनिर्भरता और सम्मानजनक जीवन का प्रतीक बन चुका है।
मुख्य अतिथि सविता कपूर ने अपने संबोधन में कहा कि “अदिति शर्मा का यह प्रयास न केवल साहस और आत्मविश्वास की मिसाल है, बल्कि समाज के लिए प्रेरणा भी है। ‘निवाला प्यार का’ यह संदेश देता है कि यदि संकल्प मजबूत हो तो कोई भी व्यक्ति अपने सपनों को साकार कर सकता है।”
वहीं गीता खन्ना, अध्यक्ष बाल संरक्षण आयोग ने कहा कि “समाज में समान अवसर और सम्मान की भावना बहुत आवश्यक है। अदिति द्वारा शुरू किया गया यह कैफ़े सामाजिक समावेशन और आत्मनिर्भरता का उत्कृष्ट उदाहरण है।”
इस अवसर पर अदिति शर्मा ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “तीन साल पहले मैंने सपना देखा था कि मैं अपनी मेहनत से कुछ ऐसा करूं जिससे सम्मान के साथ जीवन जी सकूं। ‘निवाला प्यार का’ उसी सपने का परिणाम है। दो साल की इस यात्रा में मुझे समाज से जो प्यार और समर्थन मिला है, वही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों ने अदिति शर्मा के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मधु गुप्ता, ऋतु गुजराल, जूही गर्ग,सौम्या बेनीवाल, अनामिका जिंदल,डॉक्टर स्वाति मिश्रा, प्रिया गुलाटी, बीर सिंह पंवार, मोहन जोशी, मनोज बेनीवाल, जय सिंह गोसाईं, बीरेंद्र सिंह सजवाण जी, सतीश पंत, मनवर रावत, निशा, बिशन सिंह रावत, डॉ. शैलेन्द्र कौशिक, आशा नेगी, शैलबाला ममगाईं जी, रेशमा रावत आदि लोग मौजूद रहे जिन्होंने अदिति को कैफ़े की दूसरी वर्षगांठ की बहुत-बहुत बधाई दी।
