- अन्य युवक से संपर्क को लेकर भड़का विवाद, दोनों गंभीर हालत में दून अस्पताल में भर्ती
- एमसीए की पढ़ाई कर रहे हैं दोनों युवा
देहरादून : देहरादून के क्लेमेंटाउन इलाके में प्रेम प्रसंग के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आपसी तनाव के बीच प्रेमी और प्रेमिका ने एक-दूसरे पर चाकू से वार कर दिया, जिससे दोनों लहूलुहान हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों को दून अस्पताल भर्ती कराया है। जहां दोनों का उपचार चल रहा है।
शनिवार को कंट्रोल रूम के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि ओगल भट्टा क्षेत्र में युवक-युवती के बीच झगड़ा हो गया है। दोनों ने एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया है। सूचना मिलते ही थाना क्लेमेंटाउन की पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि दोनों क्लेमेंटाउन के एक निजी शिक्षण संस्थान में एमसीए प्रथम वर्ष के छात्र हैं और लंबे समय से एक-दूसरे को जानते थे। बताया जा रहा है कि युवती के किसी अन्य युवक से संपर्क में आने को लेकर दोनों के बीच कुछ समय से विवाद चल रहा था। शनिवार को इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई, जिसके बाद मामला इतना बढ़ गया कि दोनों ने एक-दूसरे पर चाकू से वार कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने दोनों घायलों को एम्बुलेंस से दून अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

