चारधाम यात्रा 2026 की हेली सेवाओं पर सख्त नियंत्रण, सिर्फ 8 से 9 कंपनियां ही देंगी सेवा

  • 19 अप्रैल से शुरू होगी चारधाम यात्रा
  • आधिकारिक वेबसाइट heliyatra.irctc.co.in से ही होगी बुकिंग, फर्जी एजेंटों पर लगेगी रोक

देहरादून : चारधाम यात्रा 2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। यात्रा शुरू होने से पहले हेलीकॉप्टर सेवाओं को लेकर उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) की टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। इस वर्ष चारधाम यात्रा के दौरान लगभग 8 से 9 हेलीकॉप्टर कंपनियां ही सेवाएं प्रदान करेंगी, जिससे संचालन में पारदर्शिता और बेहतर निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
राज्य सरकार और यूकाडा ने इस बार हेलीकॉप्टर सेवाओं की बुकिंग व्यवस्था को पूरी तरह ऑनलाइन और पारदर्शी बनाने के लिए भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) के साथ साझेदारी की है। इसके तहत श्रद्धालु अब घर बैठे आधिकारिक वेबसाइट heliyatra.irctc.co.in के माध्यम से हेलीकॉप्टर टिकट बुक कर सकेंगे।
फर्जी एजेंटों और कालाबाजारी पर लगेगी रोक
चारधाम यात्रा के दौरान अक्सर हेलीकॉप्टर टिकटों की कालाबाजारी और फर्जी एजेंटों की शिकायतें सामने आती रही हैं। इस समस्या को रोकने के लिए इस बार टिकट बुकिंग केवल आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ही की जाएगी।
यात्रियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे किसी भी एजेंट या अनधिकृत माध्यम से टिकट न खरीदें, क्योंकि सभी टिकट केवल ऑनलाइन पोर्टल से ही जारी किए जाएंगे।
बुजुर्ग और दिव्यांग श्रद्धालुओं को बड़ी राहत
चारधाम यात्रा में हर वर्ष देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंचते हैं। इनमें बड़ी संख्या बुजुर्ग और दिव्यांग श्रद्धालुओं की भी होती है, जिनके लिए पैदल यात्रा करना कठिन होता है।
ऐसे श्रद्धालुओं को सुविधा देने के लिए हेलीकॉप्टर सेवाओं को और अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित बनाया जा रहा है, ताकि वे आसानी से केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के दर्शन कर सकें।
बुकिंग और शिकायत के लिए बनेगा कंट्रोल रूम
हेलीकॉप्टर सेवाओं से जुड़ी किसी भी समस्या या शिकायत के समाधान के लिए यूकाडा ने कंट्रोल रूम स्थापित किया है। यात्रा के दौरान श्रद्धालु बुकिंग से जुड़ी शिकायतें सीधे यहां दर्ज करा सकेंगे।
इसके अलावा टिकट बुकिंग से संबंधित सहायता के लिए आईआरसीटीसी का कस्टमर केयर भी सक्रिय रहेगा।

आशीष चौहान, सीईओ यूकाडा
यूकाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि हेलीकॉप्टर सेवाओं को लेकर टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है और जल्द ही कंपनियों का चयन कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष लगभग 8 से 9 कंपनियां हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध कराएंगी। टिकट बुकिंग आईआरसीटीसी के सहयोग से संचालित आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से की जाएगी, जिससे यात्रियों को पारदर्शी और सुरक्षित बुकिंग सुविधा मिल सकेगी।

!-- Google tag (gtag.js) -->