देहरादून । नगर निगम देहरादून द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शहर की नदियों एवं नालों की सफाई एवं पुनर्जीवन के उद्देश्य से “100 Days One Mission – Reviving Our Rivers” नामक 100 दिवसीय विशेष अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अभियान का उद्घाटन महापौर सौरभ थपलियाल एवं नगर आयुक्त नमामी बंसल द्वारा किया गया।
अभियान के प्रथम चरण में सत्तोवाली घाटी, भंडारी बाग एवं देहराखास रिस्पना नदी क्षेत्रों में सफाई कार्य प्रारंभ किया गया। इन स्थानों पर नदी एवं प्रमुख नालों में जमा कचरे को हटाने के लिए जेसीबी मशीनों एवं ट्रैक्टर-ट्रॉली की सहायता से व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। सफाई के दौरान मुख्य रूप से नगर ठोस अपशिष्ट (MSW) एवं प्लास्टिक कचरे को निकालकर उसका समुचित निस्तारण किया जा रहा है, जिससे नदियों के प्राकृतिक प्रवाह को बनाए रखते हुए प्रदूषण को कम किया जा सके। नगर आयुक्त द्वारा बताया गया पिछले साल की तरह इस वर्ष भी मानसून से पूर्व तक सभी नालों नदियों की सफाई करायी जाएगी जिसकी समय अवधि 100 दिन रखी गई है जिसमे लगभग सभी बड़े मध्यम नदी नालो को शामिल किया गया
इस क्रम में आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आज देहरादून नगर निगम में महापौर सौरभ थपलियाल एवं नगर आयुक्त महोदया द्वारा नगर निगम की मुख्य सफाई निरीक्षक एवं महिला सफाई कर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्य एवं नगर को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
महापौर सौरभ थपलियाल ने सभी महिला कर्मियों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नगर निगम की महिला कर्मचारी शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त प्रवीण कुमार (IAS), उप नगर आयुक्त तनवीर मरवाह, सहायक नगर आयुक्त राजबीर सिंह चौहान, संबंधित वार्ड पार्षदगण मीनाक्षी मौर्या,पार्षद रजनी देवी CSI/SI, सुपरवाइज़र एवं नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही Waste Warriors NGO के प्रोजेक्ट मैनेजर नवीन सदाना एवं उनकी टीम के सदस्य भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
नगर निगम प्रशासन द्वारा अवगत कराया गया कि “100 Days One Mission – Reviving Our Rivers” अभियान के अंतर्गत आगामी 100 दिनों तक शहर के विभिन्न नालों एवं नदी तटों पर नियमित सफाई, कचरा निष्कासन एवं जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी, जिससे नदियों को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाया जा सके। नगर निगम देहरादून नागरिकों से अपील करता है कि वे नदियों, नालों एवं सार्वजनिक स्थलों पर कचरा, प्लास्टिक अथवा निर्माण मलबा न डालें तथा शहर की जलधाराओं को स्वच्छ बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। नागरिकों की सहभागिता से ही स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर देहरादून का निर्माण संभव है।

