गुरु राम राय दरबार साहिब से निकली भव्य नगर परिक्रमा, फूलों की वर्षा से जगह-जगह हुआ स्वागत

देहरादून: झंडा जी के आरोहण के एक दिन बाद सोमवार को श्री गुरु राम राय दरबार साहिब से पारंपरिक नगर परिक्रमा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। महंत देवेंद्र दास महाराज के नेतृत्व में निकली इस परिक्रमा में बड़ी संख्या में संगत शामिल हुई। शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरती परिक्रमा का श्रद्धालुओं ने जगह-जगह फूलों की वर्षा कर भव्य स्वागत किया।
सोमवार सुबह श्री गुरु राम राय दरबार साहिब परिसर से नगर परिक्रमा की शुरुआत हुई। परिक्रमा में सबसे आगे दरबार साहिब के गद्दीनशीन महंत देवेंद्र दास महाराज चल रहे थे, जबकि उनके पीछे संत-महंत और बड़ी संख्या में संगत शामिल रही। श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए गुरु राम राय महाराज के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे।
नगर परिक्रमा बिंदाल पुल, चकराता रोड, घंटाघर और पलटन बाजार से होते हुए दोबारा दरबार साहिब पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं और व्यापारियों ने संगत का स्वागत किया। कई स्थानों पर लोगों ने अपने घरों और दुकानों से फूलों की वर्षा कर श्रद्धा प्रकट की।
नगर परिक्रमा के दौरान शहर में धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला। झंडा मेले की परंपरा के तहत हर साल झंडा जी के आरोहण के अगले दिन यह नगर परिक्रमा निकाली जाती है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर गुरु परंपरा के प्रति अपनी आस्था प्रकट करते हैं

!-- Google tag (gtag.js) -->