दून में गैस सिलेंडर खत्म होने की अफवाहों से हड़कंप, एजेंसियों में लगी भीड़

  • जिलापूर्ति अधिकारी बोले, दो दिन का बैकलॉग
  • कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई पर अस्थायी रोक

देहरादून। राजधानी देहरादून में रसोई गैस सिलेंडर खत्म होने की अफवाहों से उपभोक्ताओं में हलचल मच गई है। शहर में गैस की कमी की चर्चाओं के बीच जिला पूर्ति विभाग ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि गैस की कोई कमी नहीं है। हालांकि सप्लाई में आई बाधा के कारण वितरण व्यवस्था में करीब दो दिन का बैकलॉग हो गया है। इसके साथ हो कमर्शियल सिलेंडर सिर्फ आवश्यक सेवाओं को ही दिया जाएगा।
जिलापूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में गैस की मांग बढ़ने और सप्लाई में हल्की देरी के कारण एजेंसियों में बैकलॉग बन गया है। इसी वजह से उपभोक्ताओं को सिलेंडर मिलने में देरी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और दो दिनों के भीतर वितरण व्यवस्था को सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।
विभाग के अनुसार हाल ही में गैस बुकिंग के नियमों में बदलाव करते हुए बुकिंग की अवधि 25 दिन कर दी गई है। इसके कारण भी सप्लाई सिस्टम पर अतिरिक्त दबाव पड़ा है। कई उपभोक्ताओं ने शिकायत की है कि बुकिंग नंबर भी सही तरीके से काम नहीं कर रहा, जिससे सिलेंडर बुक कराने में परेशानी आ रही है।
अफवाहों के चलते शहर की कई गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भीड़ देखने को मिली। कई लोगों ने एहतियात के तौर पर पहले ही सिलेंडर बुक करा लिए, जिससे वितरण व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव बढ़ गया है।
आवश्यक सेवाओं को ही मिलेगा कमर्शियल सिलेंडर
मौजूदा स्थिति को देखते हुए गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सामान्य सप्लाई फिलहाल सीमित रखी जाए। अभी कमर्शियल सिलेंडर केवल अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों और अन्य आवश्यक सेवाओं को ही उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि जरूरी सेवाओं पर असर न पड़े।
वहीं होटल, ढाबे और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को फिलहाल कमर्शियल सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। इससे होटल कारोबार और छोटे व्यापारियों की परेशानी बढ़ने की आशंका है।
अफवाह से एजेंसियों पर बढ़ी भीड़
गैस सिलेंडर खत्म होने की अफवाह फैलने के बाद शहर की कई गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भीड़ लग गई। कई लोगों ने एहतियात के तौर पर अतिरिक्त सिलेंडर बुक करा लिए। इससे डिलीवरी व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया और कई इलाकों में उपभोक्ताओं को सिलेंडर के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
बुकिंग नियम में बदलाव से बढ़ा दबाव
हाल ही में गैस बुकिंग के नियमों में बदलाव करते हुए सिलेंडर बुकिंग की अवधि 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है। इसके कारण भी सप्लाई सिस्टम पर अतिरिक्त दबाव पड़ा है। कई उपभोक्ताओं को समय पर बुकिंग और डिलीवरी नहीं मिल पा रही है, जिससे एजेंसियों में बैकलॉग की स्थिति बनी है।
बुकिंग नंबर नहीं लगने की भी शिकायत
कई उपभोक्ताओं ने शिकायत की है कि गैस बुकिंग के लिए जारी हेल्पलाइन नंबर सही तरीके से काम नहीं कर रहा है। कॉल करने पर कई बार नंबर नहीं लगता या लाइन व्यस्त रहती है। इससे लोगों को सिलेंडर बुक कराने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
दो दिन में सामान्य हो सकती है व्यवस्था
जिला पूर्ति विभाग का कहना है कि सप्लाई को सामान्य करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। एजेंसियों को अतिरिक्त डिलीवरी के निर्देश दिए गए हैं और उम्मीद है कि अगले दो दिनों में बैकलॉग खत्म कर गैस वितरण व्यवस्था पूरी तरह सामान्य कर दी जाएगी।

“शहर में गैस की कोई कमी नहीं है। सप्लाई में हल्की देरी के कारण दो दिन का बैकलॉग बना है, जिसे जल्द खत्म कर दिया जाएगा।”
                                                                                                                                        — केके अग्रवाल, जिलापूर्ति अधिकारी

!-- Google tag (gtag.js) -->