देहरादून : रसोई गैस की किल्लत और कालाबाजारी के विरोध में कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ के व्यापारियों ने शनिवार को राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स के सामने प्रदर्शन कर सरकार का पुतला फूंका। व्यापारियों ने गैस की आपूर्ति व्यवस्था सुधारने और कालाबाजारी पर रोक लगाने की मांग की है।
व्यापारियों का कहना है कि शहर में गैस की भारी कमी के कारण लोगों को घंटों लंबी लाइनों में खड़ा होना पड़ रहा है। वहीं छोटे दुकानदारों को गैस न मिलने से उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया है कि देहरादून में कई जगहों पर 900 का सिलेंडर 2000 तक में बेचा जा रहा है, जो साफ तौर पर कालाबाजारी को दर्शाता है।
लालचंद शर्मा ने कहा कि सरकार को गैस की कालाबाजारी पर सख्ती से रोक लगाकर बाजार में पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करनी चाहिए। वहीं पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि घरेलू गैस की वितरण व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, जिसे तत्काल दुरुस्त करने की जरूरत है।
प्रदर्शन करने वालों में पार्षद अर्जुन सोनकर, प्रमोद गुप्ता, आशु रतूड़ी, राजेंद्र ममगाई, रजत कुमार, आमिर खान, राजेंद्र सिंह, राम कपूर, शिव सोनकर, दीपा चौहान, देवेंद्र कौर, गुलशन, जतिन कटारिया, ओमी यादव, आशीष गुसाईं, नमन, अशोक कुमार और कैलाश अग्रवाल सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।

