पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से की शिष्टाचार भेंट

देहरादून- हरिद्वार एन एच के छिद्दरवाला एवं रेशम माजरी क्षेत्र में प्रस्तावित फ्लाईओवर/अंडरपास संबंधित मुद्दा उठाया

देहरादून / नई दिल्ली। हरिद्वार के सांसद एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से शिष्टाचार भेंट कर छिद्दरवाला एवं रेशम माजरी क्षेत्र में प्रस्तावित फ्लाईओवर/अंडरपास के संबंध में महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए।

ससांसद रावत ने स्थानीय निवासियों, व्यापारियों एवं जनप्रतिनिधियों की भावनाओं और अपेक्षाओं को मंत्री के समक्ष विस्तार से रखते हुए अवगत कराया कि वर्तमान प्रस्तावित डिज़ाइन में संरचना की अत्यधिक लंबाई तथा पूर्णतः ढकी हुई व्यवस्था के कारण छिद्दरवाला चौक स्थित एन.एच.-72 (हरिद्वार–देहरादून) के हाईवे फेसिंग बाजार की दृश्यता प्रभावित होने की आशंका है। इस बाजार में पेट्रोल पंप, मेडिकल स्टोर सहित लगभग 1200 दुकानों का संचालन होता है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

उन्होंने यह भी बताया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विशेषकर ग्राम प्रधान गोकुल रमोला द्वारा प्राप्त सुझावों के आधार पर यह आवश्यक है कि प्रस्तावित फ्लाईओवर को स्तंभ आधारित (ओपन) स्वरूप में बनाया जाए तथा इसकी लंबाई को यथासंभव कम किया जाए, ताकि विकास कार्यों और स्थानीय आजीविका के बीच संतुलन सुनिश्चित किया जा सके।

केंद्रीय मंत्री गडकरी ने विषय को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया। विश्वास व्यक्त किया गया कि जनहित, स्थानीय अर्थव्यवस्था एवं जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए इस विषय में संवेदनशील एवं संतुलित निर्णय लिया जाएगा।

!-- Google tag (gtag.js) -->