अपराध नियंत्रण में लापरवाही पर होगी जवाबदेही तय, आधुनिक तकनीक के उपयोग पर जोर

▪️एडीजी अपराध एवं कानून व्यवस्था द्वारा नैनीताल व ऊधमसिंहनगर की समीक्षा: दिए सख्त निर्देश
▪️महिला अपराध, नशा तस्करी और गुमशुदगी मामलों पर फोकस
देहरादून । डॉ. वी. मुरुगेशन, अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था, उत्तराखण्ड ने आज हल्द्वानी स्थित मीटिंग हॉल में जनपद नैनीताल एवं ऊधमसिंहनगर की कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में दोनों जनपदों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों सहित समस्त राजपत्रित अधिकारियों और क्षेत्राधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक के दौरान एडीजी महोदय ने दोनों जनपदों के क्षेत्राधिकारियों के कार्यों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए विशेष अपराधों, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी एवं लंबित विवेचनाओं के निस्तारण की प्रगति का आकलन किया।

प्रमुख दिशा निर्देश-:

▪️ महिला संबंधी अपराधों की विवेचनाओं को प्राथमिकता के आधार पर 60 दिनों की निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए।
▪️ एनडीपीएस (NDPS) एवं नशा तस्करी के मामलों में केवल छोटे तस्करों तक सीमित न रहकर बड़े नेटवर्क को ध्वस्त किया जाए। बड़े तस्करों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई और उनकी अवैध संपत्ति की जब्ती की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए
▪️ गुमशुदा व्यक्तियों, विशेषकर नाबालिगों की शत-प्रतिशत बरामदगी हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
▪️ अज्ञात शवों की शिनाख्त हेतु आधुनिक तकनीक, डीएनए प्रोफाइलिंग और सोशल मीडिया के अधिकतम उपयोग पर बल दिया गया।
▪️शिकायतों एवं प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, थानों एवं कार्यालयों का नियमित निरीक्षण तथा लंबित मालों का भौतिक सत्यापन किया जाए। साथ ही ई-साक्ष्य सहित विभिन्न डिजिटल पोर्टलों पर डेटा फीडिंग की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने तथा सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।

एडीजी महोदय ने स्पष्ट किया कि कार्यों में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
उन्होंने अपराध नियंत्रण एवं प्रभावी कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस बल को आधुनिकतम तकनीकों एवं नवाचारों का उपयोग करने पर विशेष बल दिया।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी., वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं दोनों जनपदों के क्षेत्राधिकारी उपस्थित रहे।

!-- Google tag (gtag.js) -->