पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में पकड़े गए तस्कर
अल्मोड़ा। पहाड़ो में नशा तस्करी कर रहे दो लोगों को पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। जिनके पास से 11.46 ग्राम स्मैक बरामद की गई है ।बरामद नशे की कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार देर शाम कोतवाली अल्मोड़ा पुलिस व एसओजी संयुक्त टीम ने नशा तस्करी की एक सूचना के बाद क्षेत्र में संयुक्त चैकिंग अभियान चलाया। इस दौरान टीम को लोधिया बैरियर के पास दो संदिग्ध व्यक्ति आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हे रूकने का इशारा किया तो वह भागने लगे। जिस पर टीम ने उन्हें कुछ दूर पीछा कर धर दबोच लिया। तलाशी में उनके पास से 11.46 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान सज्जन बिष्ट पुत्र रमेश सिंह बिष्ट निवासी दुगालखोला जनपद अल्मोड़ा व प्रभांशु उर्फ कन्नू कपिल पुत्र स्व. नवीन चन्द्र निवासी ग्राम दियारी कोतवाली भवाली जिला नैनीताल बताई। पुलिस के अनुसार आरोपी प्रभांशु उर्फ कन्नू कपिल शातिर किस्म का नशा तस्कर है जो पहले भी नशा तस्करी में जेल जा चुका है। दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।

