देहरादून/सेलाकुईं। सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार एवं जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आज क्षेत्रीय विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर द्वारा सेलाकुई स्थित गपशप कैफे से बालकृष्ण के आवास तक लगभग 700 मीटर लंबे इंटरलॉकिंग टाइल मार्ग निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम के दौरान विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने कहा कि सहसपुर विधानसभा क्षेत्र का समग्र, संतुलित एवं सतत विकास उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र के प्रत्येक गांव, कस्बे एवं वार्ड में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला होती हैं। बेहतर सड़क संपर्क से न केवल आवागमन सुगम होता है, बल्कि स्थानीय लोगों को दैनिक गतिविधियों में भी सुविधा मिलती है। उन्होंने कहा कि सेलाकुई क्षेत्र में आबादी के निरंतर विस्तार के साथ-साथ आधारभूत सुविधाओं की आवश्यकता भी बढ़ रही है। ऐसे में आंतरिक मार्गों का निर्माण एवं सुधार अत्यंत आवश्यक है। इंटरलॉकिंग टाइल्स से निर्मित होने वाला यह मार्ग क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन की सुविधा प्रदान करने के साथ ही स्थानीय बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। जनहित से जुड़े विकास कार्यों का उद्देश्य केवल निर्माण कार्यों को पूरा करना नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों के जीवन को अधिक सुगम बनाना तथा विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है।

विधायक पुण्डीर ने कहा कि देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास और जनकल्याण को निरंतर प्राथमिकता दी जा रही है। इसी भावना के अनुरूप सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में जनसुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने आश्वस्त किया कि क्षेत्र की आवश्यकताओं एवं स्थानीय लागों की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को आगे भी गति प्रदान की जाती रहेगी, ताकि सहसपुर विधानसभा क्षेत्र को विकास के नए आयामों तक पहुंचाया जा सके। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि व पार्षद अनिल नौटियाल, पार्षद कल्पना कोली, श्रीमती उर्मिला देवी, किरण पंवार, पूनम देवी, पंकज थापा, पूर्व प्रधान भगत सिंह राठौर, सभासद राजेश प्रधान तथा लोक निर्माण विभाग से सहायक अभियंता प्रवीण सक्सेना सहित अन्य गणमान्यजन एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
