सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने ₹89.63 लाख की लागत से कैंचीवाला में मोटर मार्ग के नवीनीकरण एवं सुरक्षात्मक कार्यों का किया शिलान्यास

देहरादून/विकासनगर । सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत अटकफार्म के अंतर्गत ग्राम कैंचीवाला में बैशाखीराम जी के घर से जमड़े की चौकी तक 1350 मीटर लंबे मार्ग के नवीनीकरण सहित विभिन्न निर्माण कार्यों का शिलान्यास सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने विधिवत रूप से किया। लोक निर्माण विभाग द्वारा ₹89.63 लाख की लागत से किए जाने वाले इन कार्यों में सड़क नवीनीकरण, नाली निर्माण, प्रतिधारक दीवारों एवं पैरापिट का निर्माण शामिल है।

इस अवसर पर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने कहा कि क्षेत्र में बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराना और ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।

इस मोटर मार्ग के नवीनीकरण से स्थानीय निवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। वहीं, नालियों के निर्माण से जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी तथा प्रतिधारक दीवारों और पैरापिट के निर्माण से सड़क की सुरक्षा को मजबूती मिलेगी।

विधायक ने कहा कि सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक विकास कार्यों का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, सिंचाई एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना आवश्यक है, ताकि स्थानीय निवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि जनभावनाओं और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए उन्हें धरातल पर उतारा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास कार्यों को गति मिल रही है। सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में भी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करने और जनसुविधाओं का विस्तार करने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान सुनीता देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य मनीषा, वार्ड सदस्य अंजू, पूर्व प्रधान ताराचंद, राम सिंह, कुलदीप, गोपाल, जैन प्रकाश, श्यामसुंदर, ऋषिपाल, आनंद सिंह, मोहन सिंह, संदीप पाल, नरेश कुमार तथा लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता मुकेश सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।