चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )। उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में बजट सत्र 2026 के तीसरे दिन की कार्यवाही बुधवार को 11 बजे से शुरू हुई। सुबह 11 बजे प्रश्नकाल के साथ सदन की शुरुआत हुई, जिसमें विधायकों ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के विभागों से जुड़े कई महत्वपूर्ण सवाल उठाए। मंत्री रेखा आर्या के पास महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले और खेल एवं युवा कल्याण जैसे अहम विभाग हैं। इसलिए प्रश्नकाल में इन विभागों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।

प्रश्नकाल का पहला सवाल कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला ने पूछा। उन्होंने चमोली जिले के
दशोली क्षेत्र में सेमलडाला मैदान पीपलकोटी के विस्तार का मुद्दा उठाया। इस पर जवाब देते हुए मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि फिलहाल मैदान के विस्तार से जुड़ा कोई प्रस्ताव सरकार के विचाराधीन नहीं है। भाजपा विधायक सुरेश गड़िया ने नेशनल गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी देने के मुद्दे पर सवाल किया। वहीं डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने मातृ वंदना योजना में लक्ष्य से कम पंजीकरण होने का मुद्दा उठाया। जवाब में रेखा आर्या ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य सर्वे और योजना के तय मानकों के कारण कई व्यावहारिक दिक्कतें सामने आती हैं।
भाजपा विधायक महेश जीना ने एपीएल और बीपीएल राशन कार्ड के मानकों को लेकर सवाल उठाया। इसके अलावा खेल और युवा कल्याण विभाग से जुड़े मिनी स्टेडियम और खेल मैदानों के निर्माण का मुद्दा भी उठा। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने बजट में हर ब्लॉक में मिनी स्टेडियम बनाने का प्रावधान रखा है। इससे पहले मंगलवार को सदन में देर रात तक नियम 58 के तहत कानून व्यवस्था पर चर्चा हुई थी।
विपक्ष ने प्रदेश में हुई हत्याओं, अंकिता भंडारी हत्याकांड और अन्य घटनाओं को लेकर सरकार को घेरा। जवाब में संसदीय कार्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि सभी मामलों में तत्काल कार्रवाई की गई है और शिकायतों के समाधान की दिशा में भी बढ़ोतरी हुई है। सत्र के दौरान विधानसभा भवन के अन्य उपयोग को लेकर पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के बयान पर भी सियासत तेज हो गई।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या ने इस बयान का विरोध करते हुए कहा कि गैरसैंण विधानसभा भवन राज्य आंदोलन और जनता की भावनाओं का प्रतीक है। इसे शादी या कॉरपोरेट कार्यक्रमों के लिए उपयोग करने की बात राज्य की अस्मिता के खिलाफ है। कांग्रेस विधायक भुवन कापड़ी ने कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि खटीमा क्षेत्र में एक किसान की लगभग 125 एकड़ जमीन पर भूमाफियाओं ने कब्जा कर लिया। वहीं कांग्रेस विधायक रवि बहादुर ने थानों और पुलिस चौकियों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।
कांग्रेस विधायक फुरकान अहमद ने कोटद्वार क्षेत्र से जुड़े मोहम्मद दीपक प्रकरण और स्कूल निर्माण के मुद्दे को उठाया।धारचूला विधायक हरीश धामी ने मंगलवार को सदन में विशेषाधिकार हनन का मुद्दा उठाया था, जिस पर हंगामा भी हुआ। अब इस मामले को बुधवार को नियम 58 के तहत सुना जाएगा। बजट सत्र के तीसरे दिन भी सदन में सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस की संभावना है। विधायी कार्यों के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बजट पर सामान्य चर्चा का प्रस्ताव भी सदन में पेश करेंगे।
