उपखंड शिक्षा अधिकारी एक लाख की घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

  • आरटीई की धनराशि जारी करने के नाम पर मांगी थी रिश्वत
  • डोईवाला क्षेत्र में ट्रैप कर पकड़ा गया अधिकारी
  •  महिला सहयोगी भी गिरफ्तार

देहरादून: राजधानी देहरादून में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिक्षा विभाग में घूसखोरी के एक संगठित खेल का पर्दाफाश किया है। आरटीई के तहत छात्रों की धनराशि जारी करने के नाम पर रिश्वत मांग रहे उपखंड शिक्षा अधिकारी को एक लाख रुपये लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। जबकि इस पूरे मामले में उसकी महिला सहयोगी की भी संलिप्तता सामने आई है। कार्रवाई के बाद शिक्षा महकमे में हड़कंप मच गया है। विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
उपखंड शिक्षा अधिकारी धनवीर बिष्ट नेपाली फार्म क्षेत्र स्थित गंगा वैली जूनियर हाईस्कूल ऋषिकेश से शिक्षा का अधिकार के तहत पढ़ रहे छात्रों की प्रतिपूर्ति (रिइम्बर्समेंट) के बिल पास कराने के एवज में एक लाख की रिश्वत मांग रहे थे। जिसकी शिकायत विजिलेंस को मिली। शिकायत की पुष्टि के बाद विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। बुधवार को हरिद्वार-देहरादून रोड स्थित नेपाली फार्म तिराहे पर विजिलेंस ने उपखंड शिक्षा अधिकारी और उसकी महिला सहयोगी को एक लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही इस मामले में अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप की स्थिति है।

महिला सहयोगी भी गिरफ्तार
इस मामले में एक अन्य आरोपी पुष्पांजलि, पत्नी पंकज शर्मा, निवासी डालनवाला, देहरादून को भी गिरफ्तार किया गया है। वह वर्तमान में स्वामी उत्तरांचल मॉडर्न स्कूल, गुमानीवाला, ऋषिकेश से जुड़ी हुई बताई जा रही हैं।

जांच जारी, और खुलासों की संभावना
विजिलेंस विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मामले की गहन जांच जारी है और आने वाले दिनों में इससे जुड़े अन्य खुलासे भी हो सकते हैं।

!-- Google tag (gtag.js) -->