चोरी के माल से खरीदी गयी बाइक को भी किया गया सीज

चमोली। बंद मकान का ताला तोड़कर किए गए लाखों के जेवरात चोरी मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक शातिर को गिरफ्तार किया है। जिसके पास से चुराये गये जेवरात व चोरी के माल से खरीदी गयी बाइक भी बरामद की गयी है।
जानकारी केे अनुसार बीती 1 मार्च से 4 मार्च 2026 के बीच अर्जुन सिंह निवासी ग्राम सिदोली, हाल निवासी गौचर के किराये के कमरे में अज्ञात चोर ने सेंधमारी की थी। घर से सोने का लॉकेट, मांगटीका, नथ, कुंडल, मटरमाला, चेन, चांदी की पायल, बिछुवे, अंगूठी सहित एक मोबाइल और स्मार्ट वॉच चोरी की गयी थी। मामले में कोतवाली कर्णप्रयाग पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोर की तलाश शुरू कर दी गयी। चोरी की घटना के खुलासे हेतू गठित पुलिस टीम द्वारा तत्परता एवं तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण तथा जनपद की सर्विलांस टीम की सहायता से चोरी हुए मोबाइल को सर्विलांस पर लगाया गया। प्राप्त लोकेशन के आधार पर संदिग्ध की पहचान सुनिश्चित की गई। जिसे पुलिस ने बुधवार सुबह गौचर बैरियर पर चेकिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम रोहित कुमार उर्फ शुभम पुत्र स्व. सुरेन्द्र कुमार निवासी ग्राम कुमजुग पो. सुंग, तहसील व थाना नन्दानगर जनपद चमोली बताया। जिसके पास से चुराया गया माल बरामद किया गया है। पूछताछ मे आरोपी ने बताया कि होली से 2 दिन पूर्व वह नशे की हालत में गौचर क्षेत्र में घूम रहा था। इसी दौरान एक मकान के बाहर ताला लटका देखकर उसे संदेह हुआ कि मकान मालिक बाहर गए हुए हैं। अवसर का लाभ उठाते हुए उसने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और घर में रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। पूछताछ में आरोपी ने यह भी बताया कि चोरी किए गए सामान में से 1 सोने का लॉकेट, 1 जोड़ी चांदी के बिछुवे एवं 1 चांदी की अंगूठी को उसने हरिद्वार में एक अज्ञात व्यक्ति को लगभग 60 हजार रूपये में बेच दिया था। जिससे प्राप्त धनराशि से उसने बाइक खरीद ली। बाकी जेवरात को बेचने के लिए वह देहरादून जा रहा था। इस बीच उसे पुलिस ने पकड़ लिया।
