देहरादून । शुक्रवार को एकता विहार धरना स्थल, देहरादून में बेरोजगार मेडिकल लैब टैक्नोलॉजिस्ट संघ के बैनर तले लैब तकनीशियनों द्वारा तीसरे दिन भी अनिश्चितकालीन धरना जारी रखा गया।
अपनी लंबित मांगों को लेकर बेरोजगार लैब तकनीशियन विभिन्न जिलों से आकर अब भी धरना स्थल पर डटे हुए हैं !

संघ का कहना है कि जब तक उनकी न्यायोचित मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन अनवरत जारी रहेगा।
प्रमुख मांगें निम्नलिखित हैं:
1. लैब तकनीशियन के पदों का सृजन आई०पी०एच०एस० मानकों के अनुसार किया जाए।
2. लैब तकनीशियन सेवा नियमावली बनाई जाए तथा भर्ती वर्षवार मेरिट के आधार पर की जाए।
3. विगत 26 वर्षों से डिग्रीधारी लैब तकनीशियनों हेतु चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग में कोई नियमित भर्ती नहीं हुई है, जिसके कारण अनेक अभ्यर्थी आयु सीमा पार कर चुके हैं। ऐसे अभ्यर्थियों को आयु सीमा में एकमुश्त छूट प्रदान की जाए।
4. सरकार द्वारा सरकारी लैबों के निजीकरण की प्रक्रिया को बंद किया जाए, क्योंकि इससे निरंतर बेरोजगारी बढ़ रही है और युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश के मेडिकल लैब तकनीशियन लंबे समय से उपेक्षा का शिकार रहे हैं, लेकिन अब संवर्ग अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर संघर्ष कर रहा है।
धरनास्थल पर , आशीष खाली, गणेश गोदियाल, रजत नौटियाल, मयंक राणा, शैलेश रावत, दीपक जोशी, संजय जोशी, अनूप पयाल, शरद पाल आदि लोग मौजूद रहे !
