आईपीएल में ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले दो सटोरिए गिरफ्तार

रुद्रपुर: ऊधमसिंहनगर जनपद में अपराध मुक्त देवभूमि अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना पुलभट्टा पुलिस और एसओजी रुद्रपुर की संयुक्त टीम ने आईपीएल मैचों में मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो आईफोन और 40 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। दोनों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर जिलेभर में ऑनलाइन सट्टेबाजी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना पुलभट्टा पुलिस और एसओजी रुद्रपुर की टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक मोबाइल फोन के माध्यम से आईपीएल मैचों में ऑनलाइन सट्टा लगाकर अवैध कमाई कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमांशु रस्तोगी निवासी इस्लामनगर, पहाड़ी कॉलोनी सितारगंज तथा सौरभ कुमार निवासी कुंवरपुर सिसैया, थाना सितारगंज के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों की उम्र लगभग 24 से 25 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस द्वारा की गई तलाशी में आरोपियों के कब्जे से दो आईफोन और 40 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
जांच में सामने आया कि आरोपी मोबाइल फोन के जरिए आईपीएल मैचों में ऑनलाइन सट्टा खिलाने का काम कर रहे थे। इससे मोटी रकम कमा रहे थे। इस मामले में थाना पुलभट्टा में एफआईआर के तहत धारा 13 जुआ अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार ऑनलाइन सट्टेबाजी युवाओं को तेजी से अपराध की ओर धकेल रही है, इसलिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि ऊधमसिंहनगर पुलिस “अपराध मुक्त देवभूमि” के संकल्प को पूरा करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे ऑनलाइन सट्टेबाजी जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहें और कानून का पालन करें।

!-- Google tag (gtag.js) -->