पौड़ी । डीसीआर पौड़ी द्वारा बीते 2 जून 2026 को सूचना दी गई कि नयार नदी, थलीसैंण में एक व्यक्ति बह गया है। सूचना प्राप्त होते ही एसडीआरएफ रेस्क्यू टीम धुमाकोट तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई तथा सर्च अभियान प्रारम्भ किया गया।
सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी के निर्देशन एवं आदेशानुसार लापता व्यक्ति की खोज के लिए लगातार सघन सर्च अभियान संचालित किया गया। उनके द्वारा टीमों को निर्देशित किया गया था कि संभावित स्थानों, नदी के किनारों, गहरे जल क्षेत्रों एवं अन्य संवेदनशील स्थलों पर अलग-अलग टीमों का गठन कर निरंतर एवं व्यवस्थित सर्चिंग की जाए।
02 जून एवं 03 जून 2026 को लगातार सर्चिंग के बावजूद व्यक्ति का कोई सफलता नहीं मिल पायी। इसी क्रम में 04 जून 2026 को पुनः गहन सर्च अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान एसडीआरएफ टीम द्वारा नयार नदी से एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया, जिसे आवश्यक कार्यवाही उपरांत जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। मृतक की पहचान मदन सिंह पुत्र उमेद सिंह, निवासी ग्राम कैमूर, थाना थलीसैंण, जनपद पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई है।

