ब्राह्मण समाज महासंघ ने ब्राह्मण समाज की समस्याओं को लेकर नगर मजिस्ट्रेट के माध्यम से मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन

देहरादून। ब्राह्मण समाज महासंघ, उत्तराखण्ड के प्रतिनिधिमंडल ने आज उत्तराखण्ड सरकार द्वारा ब्राह्मण समाज के प्रति उपेक्षा एवं भेदभावपूर्ण व्यवहार के संबंध में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी देहरादून के प्रतिनिधि नगर मजिस्ट्रेट रविन्द्र जुयाटा को सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने नगर मजिस्ट्रेट को अवगत कराया कि ब्राह्मण समाज महासंघ, उत्तराखण्ड प्रदेश के विभिन्न ब्राह्मण संगठनों का शीर्ष प्रतिनिधि संगठन है, जो समाजहित एवं जनकल्याण के कार्यों में निरंतर सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। ज्ञापन के माध्यम से सरकार का ध्यान ब्राह्मण समाज से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों एवं लंबित मांगों की ओर आकर्षित किया गया। ज्ञापन में संस्कृत एवं वैदिक शिक्षा संस्थानों को पर्याप्त सुविधाएँ उपलब्ध कराने, महर्षि जमदग्नि आश्रम के जीर्णोद्धार एवं विकास कार्यों को प्राथमिकता देने, उत्तराखण्ड में ब्राह्मण कल्याण परिषद/बोर्ड का गठन करने तथा हिमाचल प्रदेश की तर्ज पर प्रत्येक जनपद में ब्राह्मण भवनों के निर्माण हेतु भूमि उपलब्ध कराने सहित अन्य मांगें प्रमुख रूप से उठाई गईं। नगर मजिस्ट्रेट रविन्द्र जुयाटा ने प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता से सुनी तथा ज्ञापन को मुख्यमंत्री एवं शासन तक शीघ्र प्रेषित करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में महासंघ के संरक्षक पंडित पवन शर्मा, अध्यक्ष पंडित राजेन्द्र व्यास, सह सचिव एडवोकेट अभिलाष शर्मा, कानूनी सलाहकार एडवोकेट प्रमोद मेहता, एडवोकेट निलय कुकरेती तथा एडवोकेट कार्तिक पांडे उपस्थित रहे। महासंघ ने आशा व्यक्त की कि राज्य सरकार ब्राह्मण समाज की न्यायोचित मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करेगी।

!-- Google tag (gtag.js) -->