मेरठ की दलित युवती ललिता गौतम की हत्या और न्याय मांग रहे लोगों पर पुलिसिया लाठीचार्ज लोकतंत्र पर कलंक, एसएसपी अविनाश पांडे को तत्काल हटाया जाए : लक्की राणा

देहरादून । प्रदेश सचिव, उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी लक्की राणा ने उत्तर प्रदेश के मेरठ में दलित युवती ललिता गौतम की निर्मम हत्या पर गहरा दुःख एवं आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती है। इससे भी अधिक दुर्भाग्यपूर्ण यह है कि जब लोग ललिता गौतम को न्याय दिलाने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद कर रहे थे, तब उनके ऊपर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया गया। मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडे द्वारा प्रदर्शनकारियों के साथ कथित हाथापाई और अभद्र व्यवहार के सामने आए वीडियो अत्यंत चिंताजनक हैं।
लक्की राणा ने कहा कि भाजपा और योगी सरकार में दलित, गरीब और वंचित समाज स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहा है। अपराधियों पर कठोर कार्रवाई करने के बजाय न्याय की मांग कर रहे लोगों पर पुलिसिया ताकत का इस्तेमाल करना सरकार की संवेदनहीनता और दमनकारी मानसिकता को उजागर करता है।
उन्होंने कहा, “जिस पुलिस अधिकारी का दायित्व कानून का राज स्थापित करना और जनता की सुरक्षा करना है, यदि वही न्याय मांग रहे लोगों के साथ बल प्रयोग करता दिखाई दे, तो यह लोकतंत्र के लिए बेहद गंभीर विषय है। मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडे का रवैया निष्पक्ष पुलिस अधिकारी के अनुरूप नहीं दिखता। ऐसी कार्यशैली जनता के पुलिस प्रशासन पर विश्वास को कमजोर करती है।
लक्की राणा ने कहा कि भाजपा सरकार जवाब दे कि आखिर दलित बेटी ललिता गौतम के हत्यारों पर कठोर कार्रवाई करने के बजाय न्याय की मांग कर रहे लोगों पर लाठियां क्यों बरसाई गईं। लोकतंत्र में अपनी आवाज उठाना अपराध नहीं है, लेकिन भाजपा सरकार विरोध की हर आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने मांग की कि ललिता गौतम हत्याकांड की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों को फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए। साथ ही मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडे को तत्काल पद से हटाकर पूरे घटनाक्रम की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और यदि जांच में उनके विरुद्ध लगे आरोप सही पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ सख्त विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाए।
लक्की राणा ने कहा कि यदि इस पूरे मामले में शीघ्र एवं निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई तो वह जल्द ही महामहिम राष्ट्रपति महोदया को ज्ञापन भेजकर मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडे के विरुद्ध कठोर कार्रवाई और उन्हें उनके पद से हटाने की मांग करेंगे।

!-- Google tag (gtag.js) -->