देहरादून। जिला सहकारी विकास संघ, देहरादून के निर्वाचन आज शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुए। निर्वाचन प्रक्रिया के उपरांत राहुल गुप्ता जिला सहकारी विकास संघ, देहरादून के अध्यक्ष निर्वाचित घोषित हुए। साथ ही संघ के समस्त निदेशकगण एवं पूरा निदेशक मंडल (बोर्ड) भी निर्वाचित हुआ। राहुल गुप्ता लंबे समय से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के सक्रिय कार्यकर्ता रहे हैं तथा छात्र जीवन से ही सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यों में उनकी सक्रिय भूमिका रही है। उनके अध्यक्ष निर्वाचित होने पर सहकारिता जगत एवं शुभचिंतकों में हर्ष का वातावरण है।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री राहुल गुप्ता ने सभी निर्वाचित निदेशकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे जिला सहकारी विकास संघ, देहरादून को नई दिशा देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि सहकारिता के माध्यम से ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए जिला सहकारी विकास संघ किसानों, सहकारी समितियों एवं आमजन के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवनिर्वाचित निदेशक मंडल के सामूहिक प्रयासों से सहकारिता आंदोलन को नई ऊर्जा मिलेगी तथा संघ विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।इस अवसर पर उपस्थित सहकारी प्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष राहुल गुप्ता तथा समस्त निदेशक मंडल को हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए उनके सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल की कामना की। इस अवसर पर प्रमुख रूप से राजीव चौहान, मनजीत रावत, अंशुल चावला, ओम कक्कड़, शिवम अग्रवाल एवं ऋषभ रावत सहित अनेक गणमान्य कार्यकर्ता एवं सहकारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
