रामनगर। मोहान क्षेत्र में देर शाम गढ़वाल यूजर्स की बस और बाइक के बीच हुई टक्कर में एक बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार दूसरा युवक बुरी तरह से जख्मी हो गया। घायल युवक को रामनगर के रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे की खबर से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार गौरव आर्या निवासी सल्ट अल्मोड़ा देर शाम अपने साथी पुष्कर राम, निवासी अजोली तल्ली, सल्ट के साथ बाइक से जा रहा था। इसी दौरान मोहान क्षेत्र से आगे चिमटा और दुर्गा मंदिर के समीप मोड़ पर गढ़वाल यूजर्स की बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में गौरव की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि घायल पुष्कर को उपचार के लिए रामनगर के रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रैफर कर दिया गया। घायल पुष्कर के मुताबिक मोहान क्षेत्र से आगे चिमटा और दुर्गा मंदिर के समीप मोड़ पर गढ़वाल यूजर्स की बस के चालक ने तेज गति से उनकी बाइक से पास लेने के प्रयास में उनकी बाइक को टक्कर मार दी। बस चालक की तेज रफ्तार और मोड़ पर पास लेने के कारण यह हादसा हुआ। हादसे की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। हादसे में 24 वर्षीय गौरव आर्या की असमय मौत से उसके परिजनों और क्षेत्र में शोक की लहर है, परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
