- चमोली के वरिष्ठ पत्रकार ललिता प्रसाद लखेड़ा को मिला सर्वोच्च सम्मान
- पं. गोविन्द प्रसाद नौटियाल सम्मान से अलंकृत हुए ललिता प्रसाद लखेड़ा
चमोली। उत्तराखंड के पत्रकारिता जगत में जनसरोकारों की लंबी और निष्पक्ष साधना को एक बार फिर बड़ा मान मिला है। चमोली जिले के मूल निवासी और प्रदेश के जाने-माने वरिष्ठ पत्रकार ललिता प्रसाद लखेड़ा को प्रतिष्ठित ‘पं. गोविन्द प्रसाद नौटियाल पत्रकारिता सम्मान-2026’ से अलंकृत किया गया है। ऐतिहासिक गौचर मेले के भव्य शुभारंभ अवसर पर राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने कर-कमलों से उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया। इस उपलब्धि से पूरे राज्य के मीडिया जगत और उनके पैतृक क्षेत्र में हर्ष की लहर दौड़ गई है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गौचर मेले के उद्घाटन समारोह के दौरान ललिता प्रसाद लखेड़ा को यह सम्मान देकर उनकी बेदाग और मुखर पत्रकारिता को सराहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि निष्पक्ष और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना ही सच्ची पत्रकारिता है और वरिष्ठ पत्रकारों का अनुभव नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। इस मौके पर क्षेत्र के गणमान्य लोग और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। पं. गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति समिति, नन्दप्रयाग (चमोली) द्वारा हर साल उन पत्रकारों को यह सम्मान दिया जाता है, जिन्होंने समाज, संस्कृति और विकास से जुड़े मुद्दों को बिना किसी झुकाव के उठाया हो। मूल रूप से चमोली जिले के बमोथ गांव निवासी ललिता प्रसाद लखेड़ा का पत्रकारिता के क्षेत्र में दशकों का लंबा और बेदाग सफर रहा है। उन्होंने पहाड़ की समस्याओं और स्थानीय मुद्दों को लगातार मुखरता के साथ मंच प्रदान किया है, जिसके चलते समिति ने उनके नाम का चयन किया।

श्री लखेड़ा को यह प्रतिष्ठित सम्मान मिलने पर उत्तराखंड के पत्रकारों, साहित्यकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई है। समिति के अध्यक्ष गिरीश चन्द्र नौटियाल, संरक्षक दिनेश चन्द्र नौटियाल और सचिव भुवन नौटियाल ने इसे पत्रकारिता के मूल्यों की जीत बताया है। जानकारों का मानना है कि इस तरह के सम्मान क्षेत्रीय और जमीनी स्तर पर काम करने वाले पत्रकारों का मनोबल बढ़ाते हैं।
