चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )
चमोली जिले की जोशीमठ तहसील के ग्राम सलूड़ डुंग्रा निवासी एक युवक के पिछले तीन महीनों से लापता होने का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। केदारनाथ घाटी में घोड़ा-खच्चर चलाने वाले प्रमोद सिंह रावत का अब तक कोई सुराग न मिलने से नाराज ग्रामीणों ने आज सड़कों पर उतरकर शासन-प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
मामला जोशीमठ तहसील के सलूड़ डुंग्रा गांव का है। यहां के निवासी मुकेश सिंह रावत ने अपने छोटे भाई प्रमोद सिंह रावत की गुमशुदगी की जांच में तेजी लाने की मांग को लेकर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जानकारी के मुताबिक, प्रमोद सिंह केदारनाथ घाटी में घोड़ा-खच्चर चलाने का काम करता था और नंदानगर घाट के स्यारी बंगारी निवासी मदन सिंह के साथ रहता था। बीती 26 अगस्त 2026 को दोनों सोनप्रयाग में मौजूद थे। उसी रात सोनप्रयाग थाने में घोड़ा-खच्चर चोरी की एक रिपोर्ट दर्ज हुई थी, जिस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मदन सिंह को गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन हैरानी की बात यह है कि उसी रात से प्रमोद सिंह रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता है। तीन महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पुलिस प्रमोद का पता लगाने में नाकाम रही है।
इसी से आक्रोशित होकर आज सलूड़ गांव के तमाम ग्रामीण सड़कों पर उतर आए और शासन-प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस इस गंभीर मामले की जांच में लापरवाही बरत रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही लापता प्रमोद सिंह को ढूंढा नहीं गया, तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

