देहरादून । नगर निगम देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल ने आज भूमि अनुभाग के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की, जिसमें शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने को लेकर कड़े निर्देश दिए गए । बैठक में महापौर ने सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों से पिछले एक वर्ष में अतिक्रमण मुक्त कराई गई नगर निगम की जमीनों का पूरा विवरण प्रस्तुत करने को कहा। महापौर ने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि नगर निगम की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने वार्डों में सतर्कता बनाए रखें और भूमाफिया द्वारा किसी भी प्रकार के कब्जे को तुरंत चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई करते हुए भूमि को तत्काल मुक्त कराया जाए। महापौर थपलियाल ने यह भी कहा कि पार्षदों द्वारा प्राप्त अतिक्रमण संबंधी शिकायतों पर बिना किसी देरी के त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा प्रत्येक मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर प्रस्तुत की जाए बैठक में अपर नगर आयुक्त/प्रभारी भूमि अनुभाग आईएएस प्रवीण कुमार, उप नगर आयुक्त तनवीर मारा, सहायक नगर आयुक्त राजेश नैथानी ,विनय प्रताप , टीएस पैनुली,टीआई सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

