- एसटीएफ ने लंबे समय से फरार रिंकू पंडित को रुद्रपुर से किया गिरफ्तार
- आरोपी के खिलाफ हत्या समेत कई संगीन अपराधों के एक दर्जन मुकदमे दर्ज
देहरादून। पार्षद प्रकाश धामी हत्याकांड का खुलासा करते हुए स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने 25 हजार के ईनामी शूटर रिंकू शर्मा उर्फ पंडित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड में एक दर्जन से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज है।

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह पुलिस बताया कि हत्याकांड का यह मामला 12 अक्टूबर 2020 का है। जांच में यह सामने आया कि यह हत्या राजनीतिक रंजिश एवं क्षेत्रीय वर्चस्व की लड़ाई का परिणाम थी। हत्या को अंजाम देने के लिए मध्यप्रदेश एवं उत्तरप्रदेश के पेशेवर शूटरों को लगभग 4 लाख रूपये की सुपारी दी गई थी। इस प्रकरण में पुलिस ने 7 आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की । पुलिस अब तक 7 में से 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, लेकिन रिंकू शर्मा उर्फ पंडित घटना के बाद से ही फरार था। जिस पर 25 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया गया था।
एसएसपी एसटीएफ ने बताया कि फरार इनामी बदमाश की धरपकड़ के लिए एसटीएफ लगातार काम कर रही थी। पिछले लगभग एक माह से एसटीएफ की टीम इस आरोपी की गतिविधियों पर लगातार निगरानी बनाए हुए थी। बुधवार सुबह तड़के एसटीएफ को सूचना मिली कि फरार इनामी शूटर रुद्रपुर क्षेत्र में मौजूद है, जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए एसटीएफ टीम एवं कोतवाली रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। जिसके चलते रिंकू शर्मा उर्फ पंडित को रुद्रपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
एसएसपी एसटीएफ ने बताया कि वर्ष 2020 में हुए पार्षद प्रकाश धामी हत्याकांड में रिंकू शर्मा उर्फ पंडित एक पेशेवर शूटर के रूप में शामिल था, जिसे साजिश के तहत सुपारी देकर हत्या की वारदात में शामिल किया गया था। उसके खिलाफ मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश व उत्तराखंड में हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, डकैती , रंगदारी—वसूली व गैंगस्टर के करीब 1 दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज है।
ऐसे ही की थी पार्षद धामी की हत्या
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 12 अक्टूबर 2020 को उत्तराखंड के रुद्रपुर क्षेत्र के भदईपुरा वार्ड नंबर 13 में भाजपा समर्थित पार्षद प्रकाश सिंह धामी की उनके घर के बाहर दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के अनुसार सुबह लगभग 9 बजे एक आई—10 कार में सवार बदमाश भदईपुरा पहुंचे। एक युवक ने पार्षद धामी को घर से बाहर बुलाया और बातचीत में उलझा लिया। इसी दौरान कार में सवार अन्य बदमाश मौके पर पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों की गोलियां धामी के सिर, गले और सीने में लगीं। गंभीर रूप से घायल पार्षद ने जान बचाने के लिए भागने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने उनका पीछा कर उनकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर शबी लोग मौके से फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
