गांधी बस्ती में सामुदायिक भवन और शौचालय तोड़ने का विरोध, आंदोलन की चेतावनी

देहरादून: चंदर रोड स्थित गांधी बस्ती में नगर निगम द्वारा सामुदायिक भवन और शौचालय को तोड़े जाने की कार्रवाई का स्थानीय लोगों ने कड़ा विरोध किया है। बस्तीवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि तोड़फोड़ नहीं रोकी गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। जानकारी के अनुसार, वर्ष 2012-13 में पूर्व विधायक राजकुमार द्वारा विद्यालय निधि से एक सामुदायिक भवन का निर्माण कराया गया था, जिसे ग्रामीण अभियंत्रण सेवा द्वारा बनाया गया था। इसके अलावा वर्ष 2015 में बस्ती में सुलभ शौचालय का निर्माण भी किया गया था। दोनों ही संरचनाएं वर्तमान में अच्छी स्थिति में हैं और बस्ती के लोगों द्वारा नियमित रूप से उपयोग की जा रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में कोई अन्य शौचालय उपलब्ध नहीं है, जबकि यहां कई परिवार निवास करते हैं। यह बस्ती मलिन बस्ती के अंतर्गत आती है, जहां इन सुविधाओं का विशेष महत्व है। सामुदायिक भवन में बस्ती के लोगों के विवाह, मुंडन, जनहित कार्यक्रम, स्वास्थ्य शिविर और टीकाकरण जैसे आयोजन होते रहते हैं, जिससे यह भवन क्षेत्र के लिए अत्यंत उपयोगी है। बताया जा रहा है कि 20 अप्रैल 2026 को नगर निगम ने बिना पूर्व सूचना के JCB मशीन से तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू कर दी, जिसका स्थानीय निवासियों और पूर्व विधायक राजकुमार ने मौके पर पहुंचकर विरोध किया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। पूर्व विधायक ने महापौर और संबंधित अधिकारियों से फोन पर बात कर कार्रवाई रोकने की मांग की है। बस्तीवासियों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया, तो वे आंदोलन करेंगे।

!-- Google tag (gtag.js) -->