केदारनाथ से दिल्ली लौट रहे दो युवाओं की कार 400 मीटर गहरी खाई में गिरी, युवक और युवती घायल

देवप्रयाग। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तोताघाटी के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। केदारनाथ से दिल्ली लौट रहे दो युवाओं की कार अनियंत्रित होकर लगभग 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक युवक और एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 5 बजे थाना देवप्रयाग क्षेत्र में तोताघाटी के पास कार संख्या DL 11 CD 3154 (टाटा टिगोर) दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में जा गिरी। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ व्यासी की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने खाई में गिरे वाहन तक पहुंच बनाई, जहां एक युवक घायल अवस्था में मिला। घायल ने बताया कि वाहन में उसके साथ एक युवती भी सवार थी, जो हादसे के बाद से लापता है। घायल युवक की पहचान अनीश (22) पुत्र संदीप, निवासी दिल्ली के रूप में हुई है। वहीं कार में सवार सोहनी (20), निवासी दिल्ली की तलाश में पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने लगातार अभियान चलाया और युवती को भी खोज लिया। पुलिस ने घायल युवक औए युवती को रेस्क्यू कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

!-- Google tag (gtag.js) -->