पौड़ी: आज जनपद पौड़ी गढ़वाल के ग्राम रेतपुर, पट्टी कोड़िया, तहसील व थाना सतपुली में दलित युवक स्व० श्री पंकज कुमार (पुत्र स्व० श्री प्रकाश चन्द्र) के पीड़ित परिवार से भेंट कर उनकी पीड़ा को साझा किया गया। इस दुखद घटना ने न केवल एक परिवार को गहरा आघात पहुंचाया है, बल्कि समाज को भी झकझोर कर रख दिया है।

इस दौरान स्वयं सतपुली पहुंचकर संबंधित पुलिस थाने में प्रकरण की विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई तथा तत्पश्चात मृतक के आवास पर जाकर शोकाकुल परिजनों से भेंट कर गहरी संवेदना व्यक्त की गई।
पीड़ित परिवार से बातचीत के दौरान उनकी वेदना, दुःख और न्याय की उम्मीद को करीब से महसूस किया गया। यह मामला सामाजिक न्याय, समानता और कानून व्यवस्था के लिए एक गंभीर परीक्षा है।
इस प्रकरण में माननीय उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग द्वारा स्वतः संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं कि—
✔️ निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित की जाए
✔️ दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए
✔️ एक सप्ताह के भीतर जांच की प्रगति आयोग को अवगत कराया जाए
इस अवसर पर स्पष्ट रूप से कहा गया कि दलित समाज के किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पीड़ित परिवार को हर संभव न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
साथ ही प्रशासन को चेतावनी दी गई है कि इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही, पक्षपात या देरी को बिल्कुल भी स्वीकार नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ शीघ्र और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और समाज में कानून के प्रति विश्वास बना रहे।
