सोशल मीडिया पर तेजी वायरल हो रहा था अरविंद पांडे का पत्र
देहरादून। भाजपा नेता व विधायक अरविंद पाण्डेय ने कहा कि उनके नाम से जो पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, उससे उनका कोई लेना देना नहीं है।
सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए अरविंद पाण्डेय ने कहा कि देश को कमल के फूल की जरूरत है। आज पांच राज्यों में हुए चुनाव परिणामों ने इसे सिद्ध कर दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने जो पत्र वायरल किया है, उससे उनका कोई लेना देना नहीं है। वह पत्र गलत है और उसमें लिखी बातें भी गलत ही होगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सोशल मीडिया में वायरल पत्र से उनका कोई लेना देना नहीं है।
बताते चलें कि पिछले इन दिनों भाजपा विधायक अरविंद पाण्डेय व सरकार के बीच अंदरूनी खींचतान चल रही है। पिछले दिनों भाजपा विधायक का खनन को लेकर सरकार से कुछ मनमुटाव हुआ था। जिसके बाद उनका एक कार्यालय को प्रशासन ने नोटिस जारी कर उसे अवैध करार दिया था। ऐसे में उनके नाम से एक पत्र सोशल मीडिया में वायरल हो रहा था। जिस पर उन्होंने सोमवार को राजधानी देहरादून में स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता कर इस पत्र के विषय में खंडन जारी किया।

