गौचर मेला मैदान में हादसा, चारधाम यात्रा पर आई महिला की बस से कुचलकर दर्दनाक मौत

चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )
चमोली जनपद के गौचर मेला ग्राउंड में आज एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोतवाल विनोद थापलियाल ने जानकारी देते हुए बताया कि कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि एक बस द्वारा महिला को कुचल दिया गया है। सूचना मिलते ही गौचर चौकी प्रभारी मानवेन्द्र गुसांई पुलिस टीम सहित तत्काल मौके पर पहुंचें।
मौके पर पहुंचकर पुलिस ने देखा कि बस संख्या DD01 R 9725 के चालक ने बस के अगले दाहिने टायर से एक महिला को कुचल दिया था। गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत उपचार के लिए प्राथमिक चिकित्सालय गौचर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान राजकुमारी पत्नी शशिकांत शर्मा (67 वर्ष) निवासी ग्राम एवं पोस्ट पचोखरा, थाना दिलदारनगर, तहसील जमानिया, जिला गाजीपुर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि मृतक महिला 15 मई 2026 को अपने परिजनों के साथ चारधाम यात्रा पर निकली थीं। ऋषिकेश पहुंचने के बाद उन्होंने बस संख्या UK 11PA 4040 से यात्रा शुरू की थी। पुलिस के अनुसार घटना को अंजाम देने वाली बस में गुजरात के यात्री सवार थे, जिन्हें दूसरी बस से बद्रीनाथ के लिए रवाना किया गया है। वहीं बस संख्या UK 11PA 4040 में सवार अन्य यात्रियों को भी सुरक्षित बद्रीनाथ भेजा जा रहा है।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी बस चालक मितेश कुमार मोदी पुत्र बृजलाल निवासी सुरमे बंगला, गांधीनगर वीजापुर, मेहसाना गुजरात को हिरासत में लेते हुए बस को कब्जे में ले लिया है। और आरोपी वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस अब पंचायतनामा की कार्यवाही कर रही है।

!-- Google tag (gtag.js) -->