उत्तराखण्ड श्रेष्ठ सम्मान–2026 समारोह में साहित्य, शिक्षा, पत्रकारिता, संस्कृति, पर्यावरण एवं समाजसेवा क्षेत्र की हस्तियों का सम्मान

देहरादून। विश्व पर्यावरण सप्ताह के समापन अवसर पर हिमालय पर्यावरण सोसायटी, देहरादून द्वारा एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शिक्षा, साहित्य, पत्रकारिता, संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण, संगीत, समाजसेवा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 30 से अधिक विशिष्ट विभूतियों को विभिन्न सम्मानों से अलंकृत किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कर्नल अजय कोठियाल, KC, SC, VSM, राज्यमंत्री, सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास विभाग, उत्तराखण्ड सरकार रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता लखनऊ से पधारे वरिष्ठ पत्रकार, साहित्यकार एवं सांस्कृतिक चिंतक श्री पद्माकांत शर्मा ‘प्रभात’ ने की।

इस अवसर पर श्री पद्माकांत शर्मा ‘प्रभात’ को उनके दीर्घकालीन साहित्यिक, पत्रकारिता एवं सामाजिक योगदान के लिए “हिमालय गौरव मेधा रत्न सम्मान–2026” से सम्मानित किया गया। उनके सम्मान-पत्र का वाचन वरिष्ठ कवि, साहित्यकार एवं चित्रकार श्री लक्ष्मीकांत त्रिपाठी ‘विमल’ द्वारा किया गया।
समारोह में प्रो. बी.के. जोशी, डॉ. जितेन ठाकुर, डॉ. देवेंद्र भसीन, कमला पंत, डॉ. शशि प्रभा, डॉ. धर्मानन्द मैठाणी, रविनाथ कौशिक, सुमित्रा धूलिया, डॉ. ज्योति श्रीवास्तव, अजय शर्मा, उत्पल सामंत, पं. मुरलीधर जग्गूड़ी,संदीप गुसाईं, श्रीमती भारती मिश्रा एवं आर.के. गोमल सहित विभिन्न क्षेत्रों की अनेक प्रतिष्ठित विभूतियों को सम्मानित किया गया।
सम्मानित अतिथियों एवं विभूतियों को उत्तरीय, सम्मान-पत्र, स्मृति चिह्न एवं पौधा भेंट कर अभिनंदित किया गया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी विशिष्ट अतिथियों को हरित पौधे भी भेंट किए गए।
मुख्य अतिथि कर्नल अजय कोठियाल ने अपने संबोधन में हिमालय पर्यावरण सोसायटी द्वारा पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन जनभागीदारी से ही संभव है। उन्होंने सभी सम्मानित विभूतियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम में प्रो. बी.के. जोशी, कमला पंत, डॉ. देवेंद्र भसीन तथा कार्यक्रम अध्यक्ष श्री पद्माकांत शर्मा ‘प्रभात’ ने भी अपने विचार व्यक्त किए और संस्था के कार्यों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम का संचालन भारती मिश्रा ने प्रभावशाली ढंग से किया। संस्था के महासचिव रोहित कोचगवे ने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों का स्वागत किया। संस्था अध्यक्ष जगदीश बाबला ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत कर सभी अतिथियों, सम्मानित विभूतियों, सहयोगियों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में एडवोकेट वर्तिका त्रिपाठी, एडवोकेट दीप्ति शर्मा, उत्कर्ष शुक्ला, रीना त्रिपाठी, लक्ष्मीकांत त्रिपाठी ‘विमल’, आरती मिश्रा सहित अनेक सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
समारोह में बड़ी संख्या में साहित्यकार, शिक्षाविद्, पत्रकार, समाजसेवी, पर्यावरण प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
