देहरादून। सचिवालय में विद्यालय शिक्षा विभाग से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों को लेकर उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में माननीय शिक्षा मंत्री जी के साथ मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव न्याय, सचिव कार्मिक एवं सचिव वित्त सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में शिक्षा व्यवस्था को अधिक गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं छात्र हितैषी बनाने तथा विभाग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान प्राथमिक शिक्षक भर्ती को लेकर भी चर्चा हुई। शिक्षा मंत्री द्वारा प्राथमिक शिक्षा विभाग में रिक्त पदों को देखते हुए भर्ती प्रक्रिया को शीघ्र प्रारंभ करने के संबंध में अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक कार्यवाही जल्द पूरी की जाए। शिक्षा मंत्री के निर्देशों के बाद प्राथमिक शिक्षक भर्ती की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों में उम्मीद जगी है। विभागीय स्तर पर भर्ती प्रक्रिया को गति देने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने की बात कही गई है।

