- इस महत्वपूर्ण मोटर मार्ग को फोरलेन में विकसित करने के लिए कि प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान!
- हल्द्वानी को जाम से मिलेगी राहत: कुसुमखेड़ा–कमलुवागांजा–लामाचौड़ मार्ग बनेगा फोरलेन, शासन ने दी मंजूरी।
हल्द्वानी। शहर के लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने की दिशा में उत्तराखंड सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। कुसुमखेड़ा–कमलुवागांजा–लामाचौड़ मोटर मार्ग को फोरलेन में विकसित करने के लिए शासन ने प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। पहले चरण में 7.60 किलोमीटर लंबे इस मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा।
शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार सड़क चौड़ीकरण कार्य के लिए प्रशासनिक और वित्तीय मंजूरी प्रदान कर दी गई है। अपर सचिव महावीर सिंह चौहान द्वारा लोक निर्माण विभाग को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्माण कार्य में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सड़क निर्माण से पहले, निर्माण के दौरान तथा कार्य पूर्ण होने के बाद फोटोग्राफी एवं वीडियो रिकॉर्डिंग कर उसका रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।
क्षेत्रीय विधायक बंशीधर भगत ने कहा कि लंबे समय से कुसुमखेड़ा, कमलुवागांजा और लामाचौड़ मार्ग पर बढ़ते वाहनों के कारण लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। फोरलेन बनने के बाद न केवल यातायात सुगम होगा बल्कि दुर्घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। बेहतर सड़क संपर्क से आवागमन आसान होगा, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। लोगों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए सरकार से निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की है।

