बेडपुर गांव में घर के बाहर खेलते समय घेरा, चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीण
सिविल अस्पताल में उपचार जारी, एंटी रेबीज वैक्सीन और सीरम लगाया गया
रुड़की। कलियर क्षेत्र के बेडपुर गांव में लावारिस कुत्तों के झुंड ने छह वर्षीय मासूम नवी पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना उस समय हुई जब बच्चा घर के बाहर बारिश के पानी में नहा रहा था। अचानक कई लावारिस कुत्तों ने उसे घेर लिया और शरीर के विभिन्न हिस्सों पर काट लिया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और डंडे लेकर कुत्तों को खदेड़ा। इसके बाद परिजन घायल बच्चे को तुरंत रुड़की सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे।
सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में चिकित्सकों ने बच्चे का प्राथमिक उपचार किया। जांच में उसके शरीर पर कई स्थानों पर कुत्तों के काटने के गहरे घाव मिले। संक्रमण और रेबीज के खतरे को देखते हुए चिकित्सकों ने बच्चे को एंटी रेबीज वैक्सीन के साथ एंटी रेबीज सीरम भी लगाया। फिलहाल बच्चे का उपचार जारी है और चिकित्सकों की निगरानी में उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद बेडपुर गांव और आसपास के क्षेत्र के लोगों में लावारिस कुत्तों के बढ़ते आतंक को लेकर रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से लावारिस कुत्तों का आतंक बना हुआ है और पहले भी कई लोगों पर हमले हो चुके हैं। लोगों ने संबंधित विभाग से लावारिस कुत्तों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने और समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

