देहरादून। ब्राह्मण समाज महासंघ, उत्तराखण्ड के प्रतिनिधिमंडल ने आज भारतीय जनता पार्टी, उत्तराखण्ड के प्रदेश अध्यक्ष श्री महेन्द्र भट्ट से शिष्टाचार भेंट कर महर्षि जमदग्नि आश्रम के जीर्णोद्धार एवं समग्र विकास सहित ब्राह्मण समाज से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की तथा ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष को अवगत कराया कि महर्षि जमदग्नि आश्रम उत्तराखण्ड की धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहर है, जिसके जीर्णोद्धार एवं समग्र विकास की लंबे समय से आवश्यकता है। साथ ही ब्राह्मण कल्याण परिषद/बोर्ड के गठन, संस्कृत एवं वैदिक शिक्षा के संरक्षण एवं संवर्धन, प्रत्येक जनपद में ब्राह्मण भवनों के निर्माण हेतु भूमि उपलब्ध कराने तथा ब्राह्मण समाज की अन्य न्यायोचित मांगों पर भी शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने का आग्रह किया गया। प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता से सुनी तथा आश्वस्त किया कि ज्ञापन में उठाए गए सभी विषयों पर सरकार के समक्ष सकारात्मक रूप से विचार किया जाएगा तथा समाजहित में हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में महासंघ के संरक्षक पंडित पवन कुमार शर्मा, अध्यक्ष पंडित राजेन्द्र व्यास, सह सचिव एडवोकेट अभिलाष शर्मा, कानूनी सलाहकार एडवोकेट प्रमोद मेहता, एडवोकेट निलय कुकरेती तथा एडवोकेट कार्तिक पाण्डेय उपस्थित रहे। महासंघ ने प्रदेश अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि महर्षि जमदग्नि आश्रम के जीर्णोद्धार एवं विकास सहित ब्राह्मण समाज की अन्य न्यायोचित मांगों पर भी शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे।

