चमोली : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम के प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन के उद्देश्य से गुरुवार को तहसील सभागार, कर्णप्रयाग में अपर आयुक्त गढ़वाल मंडल, पौड़ी एवं निर्वाचक नामावली प्रेक्षक उत्तम सिंह चौहान की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रेक्षक ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की सफलता में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) एवं बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी बीएलओ को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे तथा प्रत्येक दावे एवं आपत्ति का नियमानुसार समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को पूर्णतः त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाना, दावों एवं आपत्तियों के पारदर्शी निस्तारण को सुनिश्चित करना, पात्र नागरिकों के छूटे हुए नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा इस प्रक्रिया में सभी राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं आमजन से अपील की कि वे पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग प्रदान करें, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का उपयोग कर सके।
बैठक के उपरांत प्रेक्षक उत्तम सिंह चौहान ने कर्णप्रयाग स्थित मतदान केंद्र संख्या-26 एवं 27 (पीएम श्री वीसी दरवान सिंह नेगी राजकीय इंटर कॉलेज, कर्णप्रयाग) तथा मतदान केंद्र संख्या-28 (प्राथमिक विद्यालय कर्णप्रयाग-द्वितीय) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित बीएलओ को मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपादित करने के निर्देश दिए।बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, एसडीएम कर्णप्रयाग अलकेश नोडियाल, एसडीएम थराली यशवीर सिंह, सहायक निर्वाचन अधिकारी धीरेंद्र चंद्र सती सहित संबंधित अधिकारी, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि व अन्य उपस्थित रहे।

