एमकेपी (इण्टर) कॉलेज में गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया 125वाँ स्थापना दिवस

देहरादून । राजधानी देहरादून में मंगलवार को एमकेपी (इण्टर) कॉलेज में 125वाँ स्थापना दिवस बहुत ही श्रद्धा, हर्षोल्लास व गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ महादेवी कन्या पाठशाला कॉलेज (सोसाइटी) की प्रबन्ध समिति की उपाध्यक्षा कंचन गुनसोला, अवै० सचिव जितेन्द्र सिंह नेगी, सदस्य कुलदीप सिंह नेगी, एम० के०पी० (इण्टर) कॉलेज की प्रधानाचार्या अर्चना पन्त, एमकेपी (पीजी) कॉलेज की प्राचार्या डा० ममता सिंह तथा एम०आई०टी के निदेशक डा० शक्ति सिंह बर्त्याल एवं एमआईटी की उपनिदेशिका गीता चौहान द्वारा दीप प्रज्वल्लन के साथ किया गया।

तत्पश्चात आर्य समाज रीति का अनुसरण करते हुए वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत् हवन का आयोजन किया गया तथा छात्राओं द्वारा मनमोहक भजन की प्रस्तुति भी दी गयी। इसके बाद एमकेपी (इण्टर) कॉलेज में कक्षा 01 से 12 तक विगत वर्ष 2025 की परीक्षाओं में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली मेधावी छात्राओं को छात्रवत्तियां प्रदान की गई।

एमकेपी (इण्टर) कॉलेज के प्रबन्धक जितेन्द्र सिंह नेगी जी ने विद्यालय की सुख-समृद्धि, निरन्तर प्रगति तथा उज्जवल भविष्य की मनोकामना करते हुए विद्यालय की समृद्ध विरासत को आगे बढ़ाने तथा छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए निरन्तर प्रयासरत् रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर जितेन्द्र सिंह नेगी ने कहा कि एमकेपी प्रदेश में बालिकाओं को गुणवत्तापरक शिक्षा के साथ-साथ व्यवसायिक शिक्षा भी प्रदान कर रहा है जिससे समाज में बालिकाएँ आगे बढ़ सकें। इस मौके पर एमकेपी (इण्टर) कालेज की समस्त कार्यरत्त / सेवानिवृत्त अध्यापिकाएं, एमकेपी (पीजी) कालेज की प्राध्यापिकाएं एवं समस्त शिक्षणेत्तर कर्मचारी तथा एमकेपी (पीजी) कालेज छात्रावास, कालिन्दी छात्रावास, एमआईटी, सोसाइटी के समस्त शिक्षणेत्तर कर्मचारी, छात्रायें, उपस्थित रहे। अन्त में एमकेपी (इण्टर) कालेज की प्रधानाचार्या अर्चना पन्त ने सभी अतिथियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि 124 वर्षों का यह गौरवशाली यात्रा विद्यालय से जुडे प्रत्येक व्यक्ति के योगदान व समर्पण का परिणाम है। मंच का संचालन लेफ्टिनेंट विनीता खरक्वाल व कल्पना रावत द्वारा किया गया तथा एन०सी०सी० कैडटों ने अनुशासन बनाये रखने में अपना पूर्ण सहयोग दिया।

!-- Google tag (gtag.js) -->