250 किलो पीतल की प्रतिमा का हरिद्वार में हुआ सांकेतिक विसर्जन
देहरादून: रायपुर स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में आयोजित सात दिवसीय श्री गणेश महोत्सव का रविवार को भव्य शोभायात्रा एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ समापन हुआ। प्रथम पूज्य भगवान गणेश की 250 किलोग्राम वजनी भव्य पीतल की प्रतिमा के साथ विभिन्न झांकियों से सुसज्जित शोभायात्रा श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर से प्रारंभ होकर ओली रोड, दुर्गा डेयरी, और शिव मंदिर से होते हुए हरिद्वार की और प्रस्थान करी। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा मोरया के जयकारों के साथ शोभायात्रा का स्वागत किया।
शोभायात्रा के उपरांत भगवान गणेश की प्रतिमा को हरिद्वार स्थित गंगा नदी ले जाया गया, जहां विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना के बाद प्रतिमा का पारंपरिक विसर्जन करने के बजाय केवल पवित्र जल का सांकेतिक स्पर्श कराया गया। पर्यावरण संरक्षण एवं सतत धार्मिक परंपरा को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष 250 किलोग्राम पीतल से निर्मित गणेश प्रतिमा को विसर्जित नहीं किया गया। अब यही प्रतिमा प्रत्येक वर्ष श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में गणेश महोत्सव के दौरान पुनः विराजमान की जाएगी। इस पहल के माध्यम से आयोजन समिति ने आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में आयोजित गणेश महोत्सव ने इस वर्ष अपने 10 वर्ष पूरे किए। इस वर्ष सात दिनों तक चले महोत्सव में प्रतिदिन लगभग 1000 से 1500 श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान गणेश के दर्शन किए और प्रसाद ग्रहण किया। महोत्सव के दौरान भंडारे का प्रतिदिन आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस वर्ष के आयोजन में रायपुर के प्रतिष्ठित एवं लोकप्रिय हवेली वाले शर्मा परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। परिवार के आशुतोष शर्मा, जो रायपुर के युवा संगठन का भी नेतृत्व करते हैं, के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में सात दिवसीय गणेश महोत्सव के विभिन्न कार्यक्रमों का सफल संचालन किया गया।
गणेश महोत्सव के सफल आयोजन में ग्राम उत्थान एवं संगठन समिति का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। समिति के अध्यक्ष कमल कांत शर्मा, सचिव विनोद कुमार शर्मा, कोषाध्यक्ष अजय भारद्वाज, ऑडिटर प्रदीप शर्मा, कार्यकारिणी सदस्य बृजेश गौड़ सहित अन्य सदस्यों ने आयोजन की व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग दिया। समिति के सदस्य बसंत गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पूरे सात दिवसीय आयोजन को सफल बनाने में सराहनीय योगदान दिया।
गणेश महोत्सव की व्यवस्थाओं एवं कार्यक्रमों को सफल बनाने में युवा संगठन की सक्रिय भूमिका रही। इस अवसर पर मुख्य यजमान एवं संयोजक भीम दत्त तिवारी तथा गोरे लाल पाण्डेय ने विधिवत पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम में प्रवक्ता एवं संयोजक रचित गौड़, कार्तिक गौड़, वैभव गौड़, शांतनु भारद्वाज, कुणाल कोठारी, तनुज शर्मा एवं अंकित शर्मा, कृष्णा कौशिक, धन सिंह सहित अनेक युवाओं एवं स्थानीय लोगों ने सात दिवसीय गणेश महोत्सव को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।
सात दिवसीय गणेश महोत्सव के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अनेक विशिष्ट अतिथियों एवं गणमान्य लोगों ने अपनी उपस्थिति से आयोजन की गरिमा बढ़ाई। सेवा संकल्प फाउंडेशन की संस्थापक गीता पुष्कर धामी, रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ, देहरादून नगर निगम के मेयर सौरभ थपलियाल, रायपुर पार्षद कपिल धर, समाजसेवी सुभाष शर्मा एवं उद्यमी विनीत डोभाल सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों ने महोत्सव में पहुंचकर भगवान गणेश के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया।
सात दिनों तक धार्मिक अनुष्ठानों, भजन-कीर्तन, भंडारे, झांकियों और श्रद्धालुओं की भारी सहभागिता से श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर का परिसर निरंतर भक्तिमय बना रहा। भव्य शोभायात्रा और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ गणेश महोत्सव का यह 10वां वर्ष श्रद्धा, सेवा, सामाजिक सहभागिता और सतत परंपरा के संदेश के साथ संपन्न हुआ।

