देहरादून/विकासनगर। सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क एवं मूलभूत जनसुविधाओं के विस्तार को लेकर विकास कार्यों को लगातार धरातल पर उतारा जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को आरकेडिया वार्ड संख्या 92 स्थित पिताम्बरपुर में विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर ने कुल ₹59.41 लाख की लागत से होने वाले दो महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों का विधिवत शुभारंभ किया।
इनमें पिताम्बरपुर क्षेत्र में ₹27.91 लाख की लागत से निर्मित होने वाले आंतरिक मार्गों तथा पिताम्बरपुर स्थित गायत्री विहार में ₹31.50 लाख की लागत से इंटरलॉकिंग टाइल्स द्वारा निर्मित होने वाले मार्ग का निर्माण कार्य शामिल है। इस अवसर पर विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर ने कहा कि क्षेत्रवासियों की आवश्यकताओं और जनआकांक्षाओं के अनुरूप सड़क एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। दोनों मार्गों के निर्माण से स्थानीय लागों को बेहतर सड़क सुविधा मिलने के साथ ही आवागमन अधिक सुगम, सुरक्षित एवं सुविधाजनक होगा। साथ ही क्षेत्र की आंतरिक कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी और दैनिक आवागमन में स्थानीय लोगों को राहत प्राप्त होगी। विधायक पुण्डीर ने कहा कि सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को केवल घोषणाओं तक सीमित न रखते हुए उन्हें चरणबद्ध तरीके से धरातल पर उतारा जा रहा है। सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत, नाली एवं अन्य आवश्यक जनसुविधाओं से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। उनका प्रयास है कि विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक हिस्से में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार हो और आमजन को विकास का प्रत्यक्ष लाभ मिले।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत के संकल्प तथा माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास कार्यों को गति मिल रही है। इसी क्रम में सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में भी सड़क एवं जनसुविधाओं से जुड़े कार्य निरंतर आगे बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। विधायक ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, निर्धारित मानकों तथा समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला मंत्री दर्शन रावत, पार्षद अनिल नौटियाल, मनोनीत पार्षद जीवन रावत, महिला मोर्चा से तारेश्वरी, जयवीर राणा, लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता निर्मल नेगी सहित क्षेत्र के गणमान्यजन, भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

