बद्रीनाथ धाम में खोया साढ़े 6 लाख का सोने का ब्रेसलेट, पुलिस ने लौटाईं श्रद्धालु की खुशियां

चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )
बद्रीनाथ धाम में दर्शन के दौरान कोलकाता पश्चिम बंगाल निवासी मदन मोहन केरल का करीब 5 तोले का सोने का ब्रेसलेट मंदिर परिसर की सीढ़ियों पर कहीं गुम हो गया। ब्रेसलेट की अनुमानित कीमत करीब साढ़े 6 लाख रुपये बताई गई है।
कीमती ब्रेसलेट खोने से परेशान श्रद्धालु ने तत्काल पुलिस से संपर्क किया। पुलिस टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए CCTV फुटेज खंगालने के साथ अन्य माध्यमों से ब्रेसलेट की तलाश शुरू की। पुलिस की तत्परता और लगातार प्रयासों के बाद ब्रेसलेट बरामद कर लिया गया। आवश्यक सत्यापन के बाद पुलिस ने लाखों रुपये कीमत का ब्रेसलेट उसके वास्तविक स्वामी मदन मोहन केरल को सकुशल सौंप दिया। ब्रेसलेट वापस मिलने पर श्रद्धालु के चेहरे पर खुशी और राहत नजर आई। उन्होंने चमोली पुलिस की ईमानदारी, तत्परता और संवेदनशीलता के लिए पुलिस टीम हेड कांस्टेबल अरुण गैरोला, कांस्टेबल शीशपाल, हेड कांस्टेबल पीटी दिवाकर सती, कांस्टेबल गौरव रावत, कांस्टेबल विकास राणा एवं कांस्टेबल आदर्श रमोला का आभार जताया।