स्टाइपेंड की मांग पर मंत्री आवास कूच, जुटे नर्सिंग इंटर्न

देहरादून। प्रदेश के नर्सिंग कॉलेजों में नर्सिंग इंटर्न को स्टाइपेंड की व्यवस्था नहीं होने एवं आश्वासन के बाद भी उनका मामला कैबिनेट बैठक में नहीं रखे जाने को लेकर उनमें आक्रोश है। रविवार को नर्सिंग एकता मंच के बैनर तले स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के आवास का कूच एवं घेराव के लिए दून में प्रदेशभर से इंटर्न एवं अभ्यर्थी जुटे हैं। उन्होंने कूच शुरू कर दिया है। बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात है। मंच के अध्यक्ष नवल पुंडीर के मुताबिक इंटर्न लंबे समय से स्टाइपेंड की मांग कर रहे हैं। सरकार की ओर से मांग पर कार्रवाई का आश्वासन भी दिया गया था, लेकिन हाल में हुई कैबिनेट बैठक में स्टाइपेंड से संबंधित प्रस्ताव या मुद्दा नहीं रखा गया। इससे अभ्यर्थियों में रोष है। मंच ने कहा कि मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।