देहरादून/विकासनगर। सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कैंचीवाला के राजकीय इंटर कॉलेज के रूप में उच्चीकरण के उपलक्ष्य में आयोजित आभार एवं धन्यवाद समारोह में विधायक सहदेव सिंह पुंडीर सम्मिलित हुए। इस अवसर पर प्रदेश के शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत जी द्वारा ई-लोकार्पण के माध्यम से उच्चीकृत विद्यालयों का लोकार्पण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘विकसित भारत 2047 में युवाओं की भूमिका’ विषय पर आयोजित भाषण, चित्रकला एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने विद्यालय के उच्चीकरण को क्षेत्र की शैक्षिक प्रगति की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे कैंचीवाला एवं आसपास के क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को लाभ मिलेगा। विशेष रूप से बेटियों को कक्षा 10वीं के बाद आगे की पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और वे अपने गांव के निकट ही कक्षा 12वीं तक शिक्षा प्राप्त कर सकेंगी। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक अवसर उपलब्ध होंगे तथा अभिभावकों को भी सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी के नेतृत्व में प्रदेश में शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर विकास कार्य किए जा रहे हैं। शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना, विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का विस्तार करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
विधायक पुण्डीर ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर समस्त क्षेत्रवासियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता से मिल रहे स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद से उन्हें जनसेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और सहसपुर विधानसभा क्षेत्र की शैक्षिक प्रगति के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान सुनीता देवी, उपप्रधान अंकिता राणा, क्षेत्र पंचायत सदस्य मनीषा मणियाल, ग्राम प्रधान शिवानी, जिला पंचायत सदस्य हुकुम चंद पाल, विद्यालय के प्रधानाचार्य तिलक रामपाल, खंड शिक्षा अधिकारी कुंदन सिंह, ब्लॉक प्रमुख अर्चना रावत सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, शिक्षकगण, अभिभावक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
