देहरादून/विकासनगर। शुक्रवार को सहसपुर विधायक सहदेवह सिंह पुण्डीर द्वारा ग्राम पंचायत कण्डोली अपर में विधायक निधि के अंतर्गत ₹02 लाख की लागत से रामलीला प्रांगण में नवनिर्मित टीन शेड का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस निर्माण कार्य के होने से स्थानीय लोगों को रामलीला एवं अन्य सामाजिक-सांस्कृतिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
इस अवसर पर विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर ने कहा कि सहसपुर विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास तथा क्षेत्रवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। क्षेत्र के विभिन्न गांवों में स्थानीय लोगों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि प्रत्येक क्षेत्र में जनसुविधाओं का विस्तार सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि रामलीला एवं अन्य सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध भारतीय परंपराओं, धार्मिक आस्थाओं और सामाजिक एकता के महत्वपूर्ण प्रतीक हैं। ऐसे आयोजनों के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास होने से स्थानीय लोगों को सुविधा मिलती है तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर प्राप्त होता है। रामलीला प्रांगण में टीन शेड के अवशेष निर्माण कार्य के पूर्ण होने से आयोजनों के संचालन में सहूलियत मिलेगी और स्थानीय जनता को इसका प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा।
विधायक ने कहा कि उनकी प्राथमिकता केवल विकास कार्यों को स्वीकृति दिलाना ही नहीं, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारकर आमजन तक उनका लाभ पहुंचाना भी है। सड़क, पेयजल, जल निकासी, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा सामुदायिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को निरंतर गति प्रदान की जा रही है। साथ ही, विकास कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी के नेतृत्व में उत्तराखंड निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। इसी संकल्प के साथ सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में समग्र, संतुलित एवं सतत विकास की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि क्षेत्रवासियों की अपेक्षाओं के अनुरूप जनसुविधाओं का विस्तार हो और प्रत्येक गांव विकास की मुख्यधारा से जुड़ सके। इस कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सदस्य कंचन, पूर्व जिला पंचायत सदस्य मेघ सिंह, मण्डल महामंत्री अनुप सेमवाल समेत समस्त भाजपा कार्यकर्ता व स्थानीय लोगों मौजूद रहे।

