देहरादून। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने आज अपने कैंप कार्यालय में कृषि विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ विभागीय समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने केंद्र एवं राज्य पोषित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तार से जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान कृषि मंत्री ने नवम्बर माह में प्रस्तावित टी महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा की और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बैठक में हनी पॉलिसी की लॉन्चिंग और सीएम समृद्धि योजना के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की गई।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नवम्बर माह में प्रस्तावित सभी कार्यक्रमों की तैयारियां निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जाएं। उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और किसानों तक उनका लाभ पहुंचाने के लिए विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में कृषि मंत्री गणेश जोशी ने किसानों के हितों और उनकी आजीविका संवर्धन के लिए कार्य कर रही निजी संस्थाओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसी संस्थाओं के अनुभव, संसाधनों और प्रयासों का लाभ किसानों तक पहुंचाने की दिशा में कार्य किया जाए तथा किसान हितैषी गतिविधियों एवं योजनाओं को प्राथमिकता दी जाए। इस अवसर पर सचिव कृषि एस.एन.पांडेय, निदेशक कृषि दिनेश कुमार सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

