हरिद्वार। भीमगोड़ा बैराज से पानी का प्रवाह बढ़ने के कारण हरिद्वार स्थित दीनदयाल उपाध्याय पार्किंग के पीछे शनिवार को एक टापू पर लगभग 35 लोग फंस गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आपदा कंट्रोल रूम हरिद्वार द्वारा SDRF से रेस्क्यू हेतु सहायता मांगी गई। सूचना प्राप्त होते ही SDRF की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर SDRF, जल पुलिस एवं आपदा राहत दल 40वीं वाहिनी PAC की टीमों द्वारा संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। टीमों ने बढ़ते जलस्तर के बीच त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई करते हुए टापू पर फंसे सभी लगभग 30 से 35 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। संयुक्त टीमों की तत्परता एवं कुशल रेस्क्यू कार्यवाही से एक बड़ा हादसा टल गया।

