पोखरी तहसील क्षेत्र में लगातार भालू के हमलों से परेशान होकर धीरेन्द्र राणा एवं हरिकृष्ण किमोठी धरने पर बेठे

चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )
पोखरी तहसील क्षेत्र में लगातार भालू के हमलों से मवेशियों को निवाला बनाए जाने की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश बढ़ता जा रहा है। भालू के बढ़ते आतंक और वन विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने के विरोध में विधायक प्रतिनिधि धीरेन्द्र राणा और ग्राम प्रधान किमोठा हरिकृष्ण किमोठी ने पोखरी तहसील में धरना शुरू कर दिया है। धरने पर बैठे लोगों ने क्षेत्र में लगातार हो रही मवेशियों की मौत पर गहरी चिंता जताते हुए वन विभाग से भालू के आतंक से निजात दिलाने तथा ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि लगातार हो रही घटनाओं से पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। ग्रामीण भय के माहौल में जीवन बिताने को मजबूर हैं। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।
धरनारत लोगों ने वन विभाग से प्रभावित क्षेत्रों में प्रभावी कदम उठाने और भालू के आतंक से ग्रामीणों को राहत दिलाने की मांग की है।