‘वोट चोरी’ के खिलाफ हर वार्ड में चलाएंगे जनजागरण अभियान

2027 की जंग के लिए कांग्रेस ने कसी कमर, बूथ मजबूत करने पर जोर
देहरादून: विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर कांग्रेस ने अभी से संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। मंगलवार को कांग्रेस भवन में हई महानगर कांग्रेस कमेटी की बैठक में बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करने, मतदाता सूची की निगरानी और कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को लेकर जनजागरण अभियान चलाने की रणनीति बनाई गई। पार्टी ने प्रत्येक वार्ड और बूथ तक पहुंचकर नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने के साथ युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया।
महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित बैठक में जिला प्रभारी विजय घनसोला ने ब्लॉक और मंडल अध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन की गतिविधियां तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रत्येक बूथ पर समर्पित कार्यकर्ताओं की टीम तैयार करना जरूरी है। मतदाता सूची की निगरानी करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न छूटे।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि राहुल गांधी लगातार ‘वोट चोरी’ का मुद्दा उठा रहे हैं। कांग्रेस इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाएगी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में अनियमितता और पात्र मतदाताओं के नाम काटे जाने जैसे मामलों पर पार्टी कार्यकर्ता नजर रखेंगे। इसके लिए प्रत्येक बूथ पर मतदाता सूची की जांच की जाएगी। उन्होंने ब्लॉक और मंडल अध्यक्षों को बूथ कमेटियों का गठन और पुनर्गठन जल्द पूरा करने को कहा। साथ ही ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान को महानगर के प्रत्येक वार्ड तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस दौरान विधानसभा प्रभारी राकेश अग्रवाल, गुरजीत लहरी, रुचि कैंतुरा, अमरेंद्र बिष्ट, ललित बद्री, वीरेंद्र पंवार, जितेंद्र तनेजा, राजेश पुंडीर, सुनील थपलियाल, अनूप सक्सेना, संजय उनियाल, अर्जुन पासी, सतेंद्र पंवार आदि मौजूद रहे।