देहरादून। वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, देहरादून में डॉ. आयुष जोशी ने आज कुलसचिव पद का कार्यभार ग्रहण किया। उत्तराखंड शासन द्वारा जारी शासनादेश संख्या 1348/XLI-A/26-87/2022/E-104098, दिनांक 03 नवंबर 2026 के अनुपालन में डॉ. आयुष जोशी, सहायक प्राध्यापक, राजकीय महिला प्रौद्योगिकी संस्थान, देहरादून को विश्वविद्यालय में कुलसचिव के पद पर एक वर्ष अथवा नियमित नियुक्ति होने तक, जो भी पहले हो, की अवधि के लिए प्रतिनियुक्ति पर नियुक्त किया गया है। राजकीय महिला प्रौद्योगिकी संस्थान, देहरादून से कार्यमुक्त होने के उपरांत डॉ. जोशी ने आज विश्वविद्यालय पहुंचकर कुलसचिव पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) तृप्ता ठाकुर ने डॉ. आयुष जोशी का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. जोशी अपने अनुभव, कार्यकुशलता एवं प्रशासनिक दक्षता के माध्यम से विश्वविद्यालय के प्रशासनिक एवं शैक्षणिक कार्यों को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

