दुर्गम पहाड़ी से 200 मीटर नीचे गिरे व्यक्ति का SDRF ने रात्रि में किया सफल रेस्क्यू, घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया

Chamoli : जनपद चमोली के नैनीसैण रोड, ग्राम बरसुली में एक व्यक्ति के पैर फिसलने से पहाड़ी से लगभग 200 मीटर नीचे गिरकर फंस जाने की सूचना प्राप्त हुई। स्थानीय लोगों द्वारा व्यक्ति को निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन दुर्गम पहाड़ी एवं विषम परिस्थितियों के कारण सफलता नहीं मिल पाई।

सूचना प्राप्त होते ही SDRF पोस्ट गोचर से निरीक्षक श्री कर्ण सिंह के नेतृत्व में टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर पहुंचकर SDRF टीम ने स्थानीय पुलिस व ग्रामीणों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

रात्रि का समय, अत्यंत दुर्गम पहाड़ी और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियां रेस्क्यू अभियान को बेहद कठिन बना रही थीं। इसके बावजूद SDRF जवानों ने अदम्य साहस, धैर्य एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए कई घंटों तक कठिन संघर्ष किया। टीम द्वारा गहन सर्चिंग एवं अत्यंत सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन संचालित कर लगभग 200 मीटर नीचे गिरे व्यक्ति तक पहुंच बनाई गई।

काफी मशक्कत के बाद घायल व्यक्ति को मौके पर ही पप्राथमिक उपचार के बाद सुरक्षित रेस्क्यू कर पहाड़ी से बाहर निकाला गया तथा उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया गया।